ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले चंद्रपुरा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां घर के बाहर सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे को लेकर उपजे विवाद में खूनी संघर्ष हो गया।

अवैध गतिविधियों की रिकॉर्डिंग का था शक

घटना के पीड़ित 25 वर्षीय कृष्ण पाल जाटव पुत्र रतन लाल जाटव ने बताया कि उसने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के रहने वाले बीरेन्द्र निबोरिया, रविकांत निबोरिया, सचिन निबोरिया और हरि सिंह निबोरिया अवैध शराब का कारोबार करते हैं।

कृष्ण पाल का कहना था कि उसके घर के बाहर लगे कैमरों के दायरे में उनकी संदिग्ध गतिविधियां कैद हो जाती थीं, जिसके चलते आरोपी उससे काफी समय से रंजिश मान रहे थे और कैमरे हटाने का दबाव बना रहे थे।

रात को घेरकर लाठियों से किया हमला

यह विवाद बुधवार की रात लगभग आठ बजे अचानक बढ़ गया। आरोप है कि उक्त चारों लोगों ने एकराय होकर कृष्ण पाल पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया।

घटना के बाद परिजन तुरंत घायल को स्थानीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसकी नाज़ुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुरैना जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमलावरों की करतूत कैद हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस हरकत में आई। रामपुर थाना प्रभारी अजय बेसानदर ने जानकारी दी कि घायल युवक की शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट के पीछे की असल वजह और अन्य लगाए गए आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।