ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रिठौरा खुर्द गांव में पुरानी रंजिश के चलते 45 वर्षीय अतर सिंह गुर्जर उर्फ लल्ला की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब वह चंबल नदी के किनारे अपने मवेशी चरा रहे थे।

चंबल किनारे घात लगाकर किया गया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतर सिंह गुर्जर रविवार को अपने भतीजे के साथ चंबल नदी के पास भैंस चराने गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण पहले उन्हें गालियां दीं और विरोध करने पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका भतीजा मौके से जान बचाकर भाग निकला।

परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, ग्वालियर ले जाते समय नूराबाद के पास उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में एदल गुर्जर, शिवराम गुर्जर, सोनू गुर्जर, रामदास गुर्जर, धर्मेंद्र गुर्जर, आकाश गुर्जर और भूपेंद्र गुर्जर को नामजद करते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

सरायछोला थाना प्रभारी एसआई केके सिंह ने बताया कि सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाएगी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुरानी रंजिश और पहले हुई हत्या से जुड़ा है विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से खूनी संघर्ष चल रहा था। फरवरी 2026 में अतर सिंह गुर्जर पक्ष पर आरोपी पक्ष के एक युवक की हत्या करने का आरोप था और इसी बात का बदला लेने के लिए इस बार इस वारदात को अंजाम दिया गया।

सीएसपी रविन्द्र सिंह चौहान ने इस बात की पुष्टि की है कि मृतक अतर सिंह गुर्जर खुद एक हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में पिछले आठ महीनों से फरार चल रहा था। पुरानी दुश्اوती के चलते विरोधी पक्ष ने उसे घेर लिया और इस खूनी हमले को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।