मुरैना जिला न्यायालय में शुक्रवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक महिला अपने प्रेमी के साथ विवाह करने पहुंची थी। इसी दौरान महिला के परिजन भी कोर्ट परिसर में पहुंच गए, जिसके बाद बच्चों को साथ ले जाने के मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया।

प्रेम कहानी की शुरुआत गुजरात से

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीरा देवी का विवाह विष्णु से हुआ था। दोनों पति-पत्नी गुजरात में टाइल्स लगाने का कार्य करते थे। इसी दौरान उनकी पहचान सुंदर मल्हा से हुई। शुरुआत में सुंदर की दोस्ती विष्णु से हुई और उसका उनके घर आना-जाना शुरू हो गया। धीरे-धीरे सुंदर और मीरा के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लगभग एक साल तक एक-दूसरे के संपर्क में रहे।

बताया जाता है कि कुछ समय बाद मीरा अपने पति के साथ उत्तर प्रदेश के डोंकी गांव लौट आई थीं। आरोप है कि 7 जुलाई को सुंदर मल्हा उन्हें अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों ने विवाह करने के इरादे से मुरैना जिला न्यायालय का रुख किया।

बच्चों की कस्टडी पर बढ़ा विवाद

महिला के जीजा विजय केवट ने आरोप लगाया कि मीरा घर से पायल, कानों के झुमके और सोने का पेंडल भी अपने साथ ले गई हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि महिला के साथ उसके एक बेटा और एक बेटी भी हैं। बच्चों को अपने साथ ले जाने के विषय पर कोर्ट परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस घटना के चलते न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को अलग किया और उन्हें कोतवाली थाना ले गए। सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। मामले की गहन जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।