मुरैना जिले के कैलारस तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सुरापूरा के गुलपुरा गांव में भारी बारिश आफत बनकर बरसी है। लगातार हो रही बारिश के चलते गांव में सात मकान भरभराकर गिर गए, जिससे ग्रामीणों को भारी क्षति उठानी पड़ी है। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची भी घायल हुई है।
सात मकान हुए जमींदोज, खाने-पीने का सामान दबा
गाँव की नाथ बस्ती में बारिश के पानी के कारण कच्चे मकान पूरी तरह कमजोर हो चुके थे। यहाँ राजू नाथ, रवि सपेरा, संतोष, अभिताज, धर्मवीर और महेंद्र के छह कच्चे मकान ढह गए। इसके अलावा रामवीर कुशवाह का पटिया से बना पक्का मकान भी जमींदोज हो गया। मकान गिरने के कारण घरों के भीतर रखा हुआ सारा राशन, अनाज और अन्य घरेलू सामान मलबे के नीचे दबकर बर्बाद हो गया है।
इस अचानक हुए हादसे की चपेट में आने से रामबीर कुशवाह की 10 वर्षीय बेटी त्रिवेणी कुशवाह घायल हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे मलबे से निकालकर संभाला, जिससे उसकी जान बच सकी।
ग्रामीणों ने जताया रोष, अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप
हादसे के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। परिजनों का आरोप है कि मकान गिरने और बच्ची के घायल होने की गंभीर घटना के बावजूद पंचायत या राजस्व विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी सुधि लेने नहीं पहुँचा।
गुस्साए ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में हुए कुल नुकसान का जमीनी सर्वे कराया जाए, ताकि बेघर हुए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा व राहत राशि प्रदान की जा सके।
प्रशासन ने दिए जांच और सर्वे के निर्देश
पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए एडीएम अश्वनी कुमार रावत ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक (आरआई) और पटवारी को तत्काल मौके पर जाकर नुकसान का सटीक आकलन करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!