मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अपराध में लंबे समय से वांछित चल रहे एक इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह आरोपी पिछले डेढ़ साल से अपनी गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था और पुलिस की पकड़ से दूर राजस्थान के इलाकों में छिपा हुआ था।
राजस्थान के धौलपुर से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार थाना चिन्नौनी में दर्ज अपराध क्रमांक 83/26 में आरोपी सतीश शर्मा (56 वर्ष) पुत्र चिरोजीलाल शर्मा, निवासी सुर्रापुरा लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान के धौलपुर जिले के डांगवसई क्षेत्र से धर दबोचा।
दिव्यांग महिला ने लगाई थी जनसुनवाई में गुहार
इस मामले की खास बात यह रही कि गत 1 सितंबर को प्रकरण की फरियादी एक दिव्यांग महिला ने जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष जनसुनवाई में पहुंचकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश तेज कर दी थी।
अवैध हथियार बरामद और बढ़ाई गईं धाराएं
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का एक अवैध कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार मिलने के बाद इस प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 का भी इजाफा कर दिया है।
चिन्नौनी थाना प्रभारी टीआई कुशल भदौरिया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में नामजद पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश सतीश शर्मा को राजस्थान से पकड़ लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!