मुरैना जिले के दिमनी क्षेत्र में विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कंपनी के अमले ने बकाया राशि वसूलने के लिए गुरुवार को विशेष कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र के डिफॉल्टर्स में हड़कंप मच गया है।
चार गांवों में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई
अंबाह उपकेंद्र के प्रबंधक रविकांत प्रजापति और सहायक प्रबंधक भरत कतिजा के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने रानपुर, लहर, श्यामपुर और गोठ गांवों का दौरा किया। इस दौरान टीम ने लंबे समय से बिल न चुकाने वाले 12 बड़े बकायादारों के बिजली कनेक्शन काट दिए और मौके से 5 ट्रांसफार्मर भी उतारकर अपने साथ ले गए।
लाखों रुपये का बकाया है उपभोक्ताओं पर
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों के यहां ट्रांसफार्मर उतारे गए हैं, उन पर बकाये की राशि काफी अधिक है। इनमें मुख्य रूप से रानपुर की रहने वाली शांति बाई पर 4.17 लाख रुपये, नत्थी लाल पर 4.85 लाख रुपये, रामभरोसी शर्मा पर 4.66 लाख रुपये, शारदा तोमर पर 5.33 लाख रुपये और रामभरोसी दर्जी पर 4.56 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया चल रहा था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें ताकि इस तरह की असहज कार्रवाई से बचा जा सके। कंपनी ने दो टूक कहा है कि बकायादारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान सहायक प्रबंधक भरत कतिजा के साथ विभाग के अन्य कर्मचारी रामहेत, रघुवीर शर्मा, रामकेश गुर्जर, योगेंद्र गुर्जर, विष्णु शर्मा, रज्जन तोमर, अजय तोमर, बलवीर राजावत और श्याम तोमर भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!