मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में स्थित एसबीआई बैंक की शाखा में एक शातिर ठगी का मामला सामने आया है। यहाँ एक कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए पैसे जमा करने पहुंचे शिक्षक के साथ चालाकी दिखाते हुए 47 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली गई। पीड़ित शिक्षक को इस धोखाधड़ी की जानकारी कई दिनों बाद बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हुई।

मशीन में पैसे जमा करते वक्त दिया वारदात को अंजाम

यह पूरी घटना बीते 22 सितंबर की है। डायवर्जन रोड स्थित एसबीआई बैंक शाखा में रामकरन सिंह तोमर नाम के शिक्षक 50 हजार रुपए जमा करने पहुंचे थे। कैश डिपॉजिट मशीन ने तीन हजार रुपए के नोट वापस कर दिए, जबकि बाकी के 47 हजार रुपए मशीन ने स्वीकार कर लिए थे। इसी बीच उनके पीछे कतार में खड़े एक अज्ञात युवक ने उनसे कहा कि आपके पैसे जमा हो गए हैं, अब आप जा सकते हैं।

पासबुक प्रिंट कराने मुड़ते ही मशीन से निकाले रुपए

शिक्षक उस युवक की बात पर विश्वास कर पासबुक प्रिंट कराने के लिए दूसरी तरफ चले गए। उनके हटते ही पीछे खड़े उस शातिर ने कैश डिपॉजिट मशीन के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। कुछ ही पलों में मशीन ने वह 47 हजार रुपए बाहर उगल दिए, जिन्हें आरोपी तुरंत समेटकर मौके से फरार हो गया। यह पूरी करतूत बैंक में लगे सुरक्षा कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

घटना के बाद जब पीड़ित शिक्षक के खाते में पैसे नहीं पहुंचे और कोई मोबाइल मैसेज भी नहीं आया, तो उनके बेटे गुलशन सिंह तोमर बैंक पहुंचे। शुरुआत में बैंक अधिकारियों ने इसे केवल तकनीकी समस्या बताया और कहा कि मशीन की जांच के बाद राशि खाते में जुड़ जाएगी।

फुटेज सामने आने पर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

गुरुवार को जब पीड़ित शिक्षक ने बैंक में पहुंचकर सख्ती से पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज देखे, तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में साफ दिखा कि कैसे एक युवक ने चालाकी से उनके पैसे निकाले हैं। इस खुलासे के बाद रामकरन सिंह तोमर ने वीडियो सबूतों के साथ अंबाह थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।