मुरैना जिले के नेशनल हाईवे-44 पर नूराबाद थाना क्षेत्र स्थित जेके टायर फैक्ट्री के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस भयानक दुर्घटना में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिक्शा से टकराने के बाद सड़क पर गिरे थे सवार
नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी लोग बाइक पर सवार होकर ग्वालियर की ओर से आ रहे थे। रास्ते में कचरा ढोने वाला एक रिक्शा खड़ा हुआ था, जिससे अचानक उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार देवर, भाभी और दो बच्चे संतुलन खो बैठे और सीधे सड़क पर जा गिरे। सड़क पर गिरते ही वे तेज गति से गुजर रहे एक अन्य वाहन की चपेट में आ गए।
ट्रक ने कुचला, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार आशंका है कि सड़क पर गिरने के बाद चारों लोग किसी भारी ट्रक की चपेट में आ गए होंगे, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस ने घटनास्थल से सभी चारों शवों को एकत्रित किया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
हादसे में जान गंवाने वालों की हुई पहचान
इस भीषण हादसे में मारे गए लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में 18 वर्षीय सूरज कुशवाह (पुत्र दीवान कुशवाहा, निवासी बासी), 20 वर्षीय नीरज कुशवाह (पत्नी अजय कुशवाहा, निवासी भोना का पूरा लोहगढ़), 10 वर्षीय श्रीकांत कुशवाह (पुत्र श्रीचंद्र कुशवाह, नीरज का भाई) और 8 वर्षीय राजकुमारी (पुत्री बलबीर कुशवाह, नीरज की भतीजी) शामिल हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!