अंबाह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी की डिग्गी का लॉक तोड़कर 4 लाख रुपये चुराने वाले शातिर आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी रकम भी सकुशल बरामद कर ली है।

पोस्ट ऑफिस से निकाले थे रुपये

यह पूरी घटना इस साल 29 जून की दोपहर करीब 2:45 बजे की है। मधुपुरी कॉलोनी वार्ड नंबर 4 अंबाह निवासी 46 वर्षीय मुकेश कुमार शर्मा ने अंबाह गंज पोस्ट ऑफिस से कुल 7 लाख रुपये निकाले थे। इसमें से 3 लाख रुपये उन्होंने वापस पोस्ट ऑफिस में ही जमा करा दिए।

मुकेश शर्मा ने बचे हुए 4 लाख रुपये एक थैले में रखे, जिसमें डाक घर की कुछ किताबें भी थीं। इसके बाद उन्होंने यह थैला अपनी स्कूटी की डिग्गी के अंदर सुरक्षित रख दिया था।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

मुकेश अपनी स्कूटी से उप डाक घर अंबाह पहुंचे और वाहन को बाउंड्री के भीतर खड़ा करके किसी काम से अंदर चले गए। जब वे कुछ देर बाद लौटकर आए, तो उन्होंने देखा कि स्कूटी की डिग्गी का लॉक टूटा हुआ था और अंदर रखा 4 लाख रुपये का थैला गायब था।

घटना के अगले दिन यानी 30 जून को पीड़ित ने अंबाह थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर तकनीकी और मैदानी स्तर पर तफ्तीश शुरू कर दी थी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सफलता

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी। आखिरकार 2 सितंबर को पुलिस को मुखबिर के जरिए ठोस सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय सूर्या मोगिया के रूप में हुई है, जो दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर अगोरा गांव का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी शातिर किस्म का है और उस पर ग्वालियर, मुरैना के अलावा उत्तर प्रदेश के आगरा व झांसी जैसे शहरों में चोरी के लगभग 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।