मुरैना पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है। जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कुल 35 हजार रुपये के इनामी चार बदमाशों को अपनी गिरफ्त में लिया है। इन गिरफ्तारियों में ग्वालियर में एक पुलिस आरक्षक पर गोली चलाने के मामले में वांछित तीन आरोपी भी शामिल हैं।
कोतवाली पुलिस ने पकड़ा 5 हजार का इनामी बदमाश
कोतवाली थाना पुलिस ने अपनी कार्रवाई में शिवम उर्फ गुलगुलिया कंजर (30) पुत्र राजू कंजर निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा को गिरफ्तार किया। इस आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर था।
ग्वालियर आरक्षक गोलीकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार
सिविल लाइन थाना पुलिस ने भी एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये के तीन इनामी आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गौरव पुत्र परीक्षत गुर्जर निवासी जनकपुर, परीक्षत गुर्जर पुत्र बद्री गुर्जर निवासी जनकपुर और मोनू उर्फ करुआ पुत्र अतर सिंह गुर्जर निवासी जनकपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ये तीनों बदमाश ग्वालियर में एक पुलिस आरक्षक को गोली मारने की घटना के बाद से फरार चल रहे थे। इन तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी ने दिए थे सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि जिले में फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसपी मीणा ने यह भी बताया कि पुलिस का लक्ष्य सभी लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करना है। शनिवार को हुई यह गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है, जिसमें दो थानों ने मिलकर कुल 35 हजार रुपये के चार इनामी आरोपियों को पकड़ा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!