त्योहारों के सीजन को देखते हुए मुरैना जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्थानीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तेलीपाड़ा इलाके में स्थित प्रतिष्ठान की जांच की।
मोदी हाउस पर खाद्य विभाग की दबिश
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के तेलीपाड़ा स्थित मोदी एंटरप्राइजेज यानी मोदी हाउस पर पहुंचकर घी के थोक और खुदरा कारोबार की पड़ताल की। इस दौरान टीम ने दुकान में रखे विभिन्न ब्रांड्स के स्टॉक की भौतिक स्थिति का जायजा लिया और दस्तावेज खंगाले।
कृष्णा ब्रांड का घी और अलग-अलग पैकिंग के नमूने
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कृष्णा ब्रांड का 550 किलो घी जब्त किया, जिसकी कुल कीमत बाजार मूल्य के आधार पर लगभग 3 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा टीम ने मधुसूदन, कृष्णा और अन्य पैंकिंग जैसे 450 एमएल पैक, 180 एमएल पैक और 15 किलो के टिन से भी नमूने एकत्रित किए।
विभाग द्वारा कुल एकत्रित नमूनों को मुहरबंद कर आगे की रासायनिक और गुणवत्ता परीक्षण के लिए भोपाल स्थित राज्य प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर अगली वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।
त्योहारों के मद्देनजर जिलेभर में चल रहा अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता ने जानकारी दी कि कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के सख्त निर्देशों के पालन में यह अभियान चलाया जा रहा है। आगामी रक्षाबंधन के पर्व पर मिठाइयों और घी की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए मिलावटखोरी रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे पहले भी लिए गए कुछ नमूने जांच में अमानक पाए जा चुके हैं, जिसके चलते विभाग अब और अधिक सतर्कता बरत रहा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!