मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन महीने की गहन जांच के बाद इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी गोलू उर्फ ब्रजेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सगाई के बाद बनाया हत्या का षड्यंत्र

पुलिस पूछताछ में आरोपी ब्रजेश ने बताया कि 22 मार्च 2026 को उसकी सगाई किसी दूसरी युवती से तय हो गई थी। इस बात की जानकारी होने पर उसकी प्रेमिका ने उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपी ने प्रेमिका को बहला-फुसलाकर घर से भागकर शादी करने का झूठा आश्वासन दिया। इसी योजना के तहत 28 मार्च को वह प्रेमिका को अपने साथ लेकर घर से निकल गया।

आरोपी ब्रजेश, जो राजस्थान के भीलवाड़ा में नौकरी करता था, प्रेमिका को ट्रेन से लेकर निकला। लेकिन भीलवाड़ा जाने के बजाय, वह राजस्थान के दौसा स्टेशन पर उतर गया। वहां से वह प्रेमिका को एक सुनसान इलाके में ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वहां किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए और जब वह भरोसा कर उसकी गोद में सिर रखकर लेटी हुई थी, तभी उसने उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

शव छिपाने का तरीका और गुमशुदगी की जांच

हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को अपने कंधे पर उठाया और करीब 100 मीटर दूर बने एक सेफ्टी टैंक तक ले गया। वहां उसने शव को फेंक दिया और उसे मिट्टी, ईंटों तथा पत्थरों से ढक दिया। जल्दबाजी में मृतका का बैग और चप्पल वहीं छूट गए थे। इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह अगले ही दिन, 29 मार्च को अपने गांव लौट आया।

बेटी के दो दिनों तक घर न लौटने पर 30 मार्च को परिजन नगरा थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने ब्रजेश पर शक जताया था। शुरुआती जांच में जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह वहीं मिला, जिससे पुलिस का शक उस पर कुछ कम हुआ। हालांकि, अगले ही दिन उसके घर से गायब होने पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।

आरोपी की गिरफ्तारी और शव की बरामदगी

लगभग तीन महीने बाद, ब्रजेश अपनी शादी के लिए गांव लौटा। 26 जून को उसकी शादी हुई और अगले ही दिन, 27 जून को जब वह बाजार गया, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गहन पूछताछ में उसने अपनी प्रेमिका की हत्या करने की बात कबूल कर ली और दौसा में शव छिपाने की पूरी जानकारी दी।

मुरैना पुलिस आरोपी को लेकर राजस्थान के दौसा पहुंची। राजस्थान पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर सेफ्टी टैंक से मिट्टी और पत्थर हटाए गए। वहां से नाबालिग का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मौके से उसके कपड़े और चप्पल भी मिले। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमॉर्टम कराया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

इस दुखद घटना में मृतका के परिवार की स्थिति भी सामने आई है। बताया गया है कि किशोरी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां मानसिक रूप से बीमार हैं।