मुरैना जिले के सुमावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हटूपुरा गांव में दो भाइयों की हत्या का मामला किसी अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इस दुस्साहसिक वारदात को एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया था, जिसमें बाहरी बदमाशों की मदद ली गई थी।

सरकारी जमीन का विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह

रविवार दोपहर करीब 12 बजे हटूपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। यह मामूली विवाद कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की मुख्य सड़क के दोनों तरफ सरकारी जमीन है, जिस पर कब्जे को लेकर रंजिश चल रही थी।

इस फायरिंग की घटना में राजवीर गुर्जर और अजब सिंह गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरा भाई धीरेंद्र गुर्जर और अजब सिंह का बेटा विकास गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल से मिले 28 कारतूस और छह बाहरी शूटरों का एंगल

पुलिस पड़ताल के दौरान घटनास्थल से कुल 28 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिनमें .315 बोर के 22 और 12 बोर के 6 कारतूस शामिल हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस खूनी खेल को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने वारदात से एक रात पहले ही छह अज्ञात शूटरों को गांव बुलाकर अपने यहां ठहराया था।

सामने आया है कि घटना से पहले दो दिनों तक लगातार पंचायतें हुईं। शनिवार और रविवार को हुई पंचायतों में दोनों पक्षों को अपने-अपने दायरे में रहने की बात समझाई गई थी। लेकिन रविवार की पंचायत खत्म होते ही आरोपी पक्ष के साथ आए बदमाशों ने घात लगाकर छतों और बाउंड्री की ओट से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

पुलिस कार्यप्रणाली पर उठे सवाल और परिजनों का दर्द

मृतकों के भतीजे पवन गुर्जर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे ही आरोपियों ने फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी लिखित शिकायत सुमावली थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केवल औपचारिकता पूरी की।

परिजन का कहना है कि यदि पुलिस ने शनिवार रात को ही मुस्तैदी दिखाते हुए ठोस कार्रवाई की होती और गांव की तलाशी ली जाती, तो दोनों भाइयों की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारी पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।