अंचल में अवैध रेत के अवैध परिवहन पर लगाम कसने के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। मुरैना शहर में एक बार फिर चंबल की अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का बेखौफ अंदाज देखने को मिला है, जिससे स्थानीय रहवासियों में भारी दहशत का माहौल है।
सुबह साढ़े पांच बजे हुआ घटनाक्रम
यह पूरी घटना रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। जब अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे थे, तभी बड़ी संख्या में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अचानक शहर के भीतर आ धमकीं। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने इन वाहनों का पीछा किया, लेकिन तस्कर गिरफ्त में आने के बजाय अपने वाहन बेकाबू रफ्तार में भगाने लगे।
कार को मारी टक्कर और तोड़ी नल की लाइन
पुलिस से बचने की फिराक में भागे इन करीब 20 ट्रैक्टरों ने टंच रोड और राठौर कॉलोनी क्षेत्र में जमकर उपद्रव किया। तेज रफ्तार भाग रहे एक ट्रैक्टर ने नरेश राठौर की कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर नाली में जा गिरी। इसके अलावा तस्करों ने रास्ते में एक घर के बाहर रखा लकड़ी का काउंटर और नल की पाइपलाइन भी तोड़ दी। इस पूरे घटनाक्रम के दो सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।
मैं सुबह धौलपुर से लौटकर अपनी गली में पहुंचा ही था कि सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर आते दिखे। उन्होंने मेरी कार को टक्कर मार दी जिससे वह नाली में घुस गई। गनीमत रही कि सुबह का वक्त था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आज मेरा दूसरा जन्म हुआ है। - नरेश राठौर, कार मालिक
रहवासियों में खौफ का माहौल
प्रत्यक्षदर्शी महिला कमला बाई ने बताया कि सुबह अचानक हुए शोर-शराब के बाद जब उन्होंने बाहर झांका तो रेत से लदी ट्रॉलियां और उनके पीछे भागती पुलिस नजर आई। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी डर है और उनका कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!