मुरैना जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को स्थानीय विकास और आजीविका के संसाधनों को विस्तार देने को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को गति देने के लिए फूड पार्क विकसित किया जाना बेहद जरूरी है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

फूड पार्क और दुग्ध उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरैना में फूड इंडस्ट्री की दिशा में पहले से ही सकारात्मक कार्य हो रहे हैं। इसे और आगे बढ़ाने के लिए फूड पार्क की आवश्यकता है। इसके अलावा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के जरिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी और पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन, खिलाड़ियों को पुरस्कार

खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने पुरस्कार राशि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जबकि राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा।

पर्यटन और वेलनेस सेक्टर के विकास की अपार संभावनाएं

मुरैना में पर्यटन की संभावनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने घड़ियाल अभयारण्य का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल टूरिज्म, वेलनेस सेंटर और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी जिले में विकास की असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें आने वाले समय में गति दी जाएगी।

जन विश्वास अभियान-2026 के तहत छह घंटे से अधिक समय तक मुरैना में रहे मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी गहराई से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।