मुरैना जिले के पोरसा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक 17 वर्षीय किशोरी ने सगाई से नाराज होकर बुधारा पुल से आसनकुआरी नदी में छलांग लगा दी। गुरुवार शाम को यह घटना हुई, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया।

अंधेरा होने के कारण रात में बचाव कार्य रोकना पड़ा था। शुक्रवार सुबह एक बार फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब 18 घंटे की गहन खोजबीन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी से किशोरी के शव को बरामद करने में सफलता हासिल की।

पुलिस को परिजनों ने बताया कि किशोरी की सगाई करीब एक महीने पहले तय हुई थी, लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी। इसी बात से आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। गुरुवार दोपहर को किशोरी अपने गांव से ई-रिक्शा और फिर बस के माध्यम से बुधारा पुल तक पहुंची थी, जहां से उसने नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। शव को नदी से निकालने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच कर रही है।