मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुधेनिया थोक इलाके में एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आई है। यहां पटाखे की चपेट में आने से बारह साल की प्राची श्रीवास गंभीर रूप से झुलस गई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।

कन्या भोज में शामिल होने आई थी ननिहाल

प्राची मूल रूप से दिमनी की रहने वाली है और वह रविवार को अपनी मां के साथ अंबाह में अपनी नानी के घर आई थी। जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले एक युवक का कुछ समय पहले निधन हो गया था और रविवार को उसके यहां कन्या भोज का आयोजन रखा गया था। प्राची इसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपनी मां के साथ वहां पहुंची थी।

घर के बाहर खेलते वक्त हुआ हादसा

दोपहर के वक्त प्राची मकान के बाहर अन्य बच्चों की तरह खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज गूंजी। आवाज सुनकर जब घर और आसपास के लोग बाहर भागे तो प्राची लहूलुहान और झुलसी हुई हालत में जमीन पर पड़ी मिली। इस हादसे में बच्ची के चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद किया गया बाहर रैफर

घटना के तुरंत बाद बच्ची को स्थानीय अंबाह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मुरैना जिला चिकित्सालय भेज दिया। मुरैना में भी जब हालत में सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

प्राची की नानी गुड्डी बाई ने इस संबंध में बताया कि उन्हें सिर्फ तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी। उन्हें यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर पटाखा किसने चलाया और यह हादसा कैसे हुआ। आवाज सुनकर जब वे बाहर आईं तो बच्ची को जख्मी हालत में पाया।

घटना की सूचना मिलते ही प्राची के पिता धर्मेंद्र श्रीवास, जो दिमनी में अपनी सैलून की दुकान चलाते हैं, तुरंत फोन पर खबर पाकर मुरैना अस्पताल पहुंचे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की अपने स्तर पर जानकारी जुटा रहा है।