मुरैना जिले के सबलगढ़ में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करने के बाद इन युवकों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर उसके साथ गलत काम किया।

गुरुवार को दर्ज हुई एफआईआर के अनुसार, आरोपियों पर छात्रा को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और अब उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का दबाव बनाने का आरोप है। पीड़ित परिवार ने बताया कि केस दर्ज होने के बावजूद आरोपी लगातार छात्रा को धमकियां दे रहे हैं।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा की लगभग चार महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से करौली निवासी अभिषेक मीणा और कैमारा कलां के संजू रावत से जान-पहचान हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती चली गई।

करीब एक महीने पहले, अभिषेक मीणा ने छात्रा को बहला-फुसलाकर घर से बाहर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस पूरी घटना में संजू रावत ने अभिषेक का साथ दिया और उसकी मदद की।

पुलिस की मदद से घर लौटी पीड़िता

वारदात के बाद पीड़िता ने 112 पुलिस की सहायता से सुरक्षित अपने घर वापसी की। घर पहुंचने पर उसने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिवार वालों ने दोनों लड़कों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोपी लगातार नाबालिग को फोन कर उसे अपने साथ चलने का दबाव बनाते रहे।

आरोपियों की लगातार धमकियों और बढ़ते दबाव के कारण पीड़ित परिवार गहरे सदमे में था। उन्हें डर था कि आरोपी कोई और गलत कदम उठा सकते हैं।

30 दिन बाद दर्ज हुई FIR

आखिरकार, घटना के लगभग 30 दिन बाद, गुरुवार शाम करीब 5 बजे, पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाकर सबलगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी पंकज मुद्गल ने बताया कि नाबालिग लड़की और उसके परिवार की शिकायत पर अभिषेक मीणा और संजू रावत के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।