ग्वालियर और मुरैना सीमा क्षेत्र में स्थित निरावली तिराहे पर एक तेज रफ्तार वाहन की लापरवाही के कारण गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई है। धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार के टेम्पू को सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

पटिया वाले बाबा के दर्शन कर लौट रहा था परिवार

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, तिघरा रोड स्थित गुप्तेश्वर मंदिर के पास रहने वाले मदनलाल अहिरवार ने बताया कि उनके 75 वर्षीय पिता पातीराम अहिरवार और अन्य परिजन टेम्पू से पटिया वाले बाबा (करह धाम) के दर्शन करने के लिए गए थे।

जब यह परिवार रात के वक्त वापस ग्वालियर की ओर लौट रहा था, तब निरावली तिराहे के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए टेम्पू में जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल से घर लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत

इस भीषण टक्कर की वजह से टेम्पू में बैठे पातीराम अहिरवार के सिर के पिछले हिस्से, छाती और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा वाहन में सवार अन्य लोग सियाराम जाटव, भविष्य जाटव, प्रदीप बाथम और संतोष पाल भी चोटिल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम ने सभी घायलों को हजीरा स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बुजुर्ग पातीराम को अपने घर ले आए थे।

माधव डिस्पेंसरी ले जाते समय तोड़ा दम

घर पहुंचने के मात्र बीस मिनट के भीतर ही पातीराम की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत माधव डिस्पेंसरी लेकर भाग रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।

पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की छानबीन जारी है।