ग्वालियर के महाराजपुरा थाना अंतर्गत पद्मपुर खेरिया क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब सोमवार को एक नाले में 42 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को दलदल से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त बीपी सिटी निवासी 42 वर्षीय दिलीप सिंह किरार पुत्र लाखन सिंह किरार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पड़ोसी बीएस तोमर ने घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद मृतक के भाई प्रहलाद सिंह किरार ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।
नशे की लत और घर के खुले हालात
पुलिस की शुरुआती छानबीन में यह बात सामने आई है कि दिलीप सिंह शराब पीने का आदी था। उसकी इसी आदत से आजिज आकर उसकी पत्नी लगभग पांच महीने पहले ही अपने मायके चली गई थी, और परिवार के बाकी सदस्य भी उससे अलग रह रहे थे।
घटना के समय दिलीप का घर खुला हुआ था और भीतर टेलीविजन चालू हालत में चल रहा था। पुलिस का अनुमान है कि वह नशे की हालत में घर से बाहर निकला होगा और नाले के पास संतुलन बिगड़ने से दलदल में जा गिरा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!