बेला की बावड़ी इलाके में हुई खूनी वारदात
ग्वालियर शहर के गिरवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेला की बावड़ी इलाके में दुकानदारी के दौरान उपजा मामूली विवाद अंततः एक बड़ी हत्या में तब्दील हो गया। सामान खरीदने को लेकर हुई तकरार के बाद आरोपियों ने रंजिश रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से किराना व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
15 अगस्त के झगड़े की रंजिश में कार से पहुंचे थे हमलावर
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के भतीजे अमन गुर्जर ने बताया कि बीते 15 अगस्त को आरोपी मेहताब गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए आए थे। इसी खरीदारी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते 16 अगस्त की शाम करीब 8 बजे दोनों आरोपी अपने पांच अन्य साथियों के साथ एक कार में सवार होकर दुकान पर पहुंचे।
कार से उतरते ही लाठी-डंडों से लैस इन हमलावरों ने दुकान पर मौजूद रामनिवास और उनके भतीजे अमन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में रामनिवास के सिर, आंख और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं और वे खून से लथपथ होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
परिजनों द्वारा लहूलुहान हालत में 38 वर्षीय किराना संचालक रामनिवास को 17 अगस्त को कंपू स्थित 1000 बिस्तर वाले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उन्होंने उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरे मामले पर गिरवाई थाना के सीएसपी सौरभ शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी मेहताब सिंह गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर सहित अन्य साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा फरार चल रहे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!