ग्वालियर शहर में साइबर ठगी का एक नया और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बाजार से लौटते वक्त एक निजी फर्म में काम करने वाले व्यक्ति का मोबाइल फोन कहीं गिर गया था। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल का गलत इस्तेमाल करते हुए उसके बैंक खाते को खाली कर दिया।
बाजार से लौटते वक्त गायब हुआ था फोन
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत काली माता कोटेश्वर रोड निवासी 40 वर्षीय अजीत सिंह पुत्र मदन सिंह निजी फर्म में काम करते हैं। बीते 11 सितंबर की शाम करीब 5 बजे वह बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। जेब में मोबाइल नहीं मिलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
मोबाइल गुम होने के तुरंत बाद पीड़ित अजीत सिंह बहोड़ापुर थाने पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया था कि उनके गुम हुए फोन में सभी ऑनलाइन पेमेंट ऐप लॉगिन थे और उसी फोन का नंबर उनके बैंक खातों से भी लिंक है। हालांकि, आरोप है कि उस समय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
रात को खाते से ट्रांसफर किए गए रुपए
युवक का फोन मिलने वाले अज्ञात शख्स ने उसकी सिम और यूपीआई का गलत फायदा उठाया। उसी रात करीब 11:30 बजे ठग ने एसबीआई में मौजूद अजीत सिंह के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल 1,74,328 रुपए अन्यत्र ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी अगले दिन तब हुई जब वह बैंक से नकदी निकालने पहुंचे।
बैंक पहुंचने पर अजीत सिंह को पता चला कि उनके खाते में महज 100 रुपए ही बचे हैं और बाकी सारा पैसा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए निकाला जा चुका है। इसके बाद वह दोबारा थाने पहुंचे और पुलिस के निर्देश पर साइबर सेल की हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल से प्रक्रिया पूरी होने के बाद आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में केवल पुलिस को सूचना देना काफी नहीं है। तुरंत अपने संबंधित बैंक को सूचित कर नेट बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं ब्लॉक करवाएं तथा टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क कर सिम कार्ड को तत्काल बंद कराएं।
पुलिस अधिकारियों का बयान
इस पूरे प्रकरण पर सीएसपी मनीष यादव का कहना है कि वर्तमान में ऑनलाइन धोखाधड़ी के कई नए मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें ठग लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। पुलिस के पास जैसे ही इस संबंध में शिकायत पहुंची, मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी पड़ताल की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!