ग्वालियर में ई-रिक्शा चालकों और सवारियों को निशाना बनाने वाला महिला चोर गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। हाल ही में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमें भाई को राखी बांधने और बीमार बहन से मिलने भिंड से ग्वालियर आईं एक प्रोफेसर की पत्नी को शातिर चोरों ने अपना शिकार बनाया है।
साढ़े छह लाख रुपए के सोने के गहने चोरी
यह वारदात महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीडी नगर स्थित कुशवाह मार्केट के पास शुक्रवार शाम को हुई। पीड़िता के अनुसार उनके पर्स से लगभग साढ़े चार तोला सोने के जेवर चोरी हुए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बस स्टैंड से ई-रिक्शा में बैठी थीं संदिग्ध महिलाएं
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भिंड के कृपे का पुरा की रहने वाली सीमा नरवरिया (30) पत्नी डॉ. हरनाम सिंह नरवरिया, जो अशोकनगर के चंदेरी कॉलेज में प्रोफेसर हैं, 28 अगस्त को अपने परिवार के साथ ग्वालियर आई थीं। वे बस स्टैंड से पति और बच्चों के साथ डीडी नगर में अपनी बड़ी बहन के घर जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठी थीं। इसी दौरान रास्ते में तीन अज्ञात महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में आकर बैठ गईं।
सवार होने के बाद उन महिलाओं ने गोला का मंदिर जाने का झांसा दिया था। हालांकि, गोला का मंदिर आने के बाद भी वे ई-रिक्शा से नहीं उतरीं और सीमा के परिवार के साथ कुशवाह मार्केट तक सफर करती रहीं। कुशवाह मार्केट पहुंचने पर सीमा अपने परिवार के साथ नीचे उतरकर बहन के घर चली गईं।
घर पहुंचने पर खुली घटना की पोल
बहन के घर पहुंचने के बाद जब सीमा ने अपने बड़े पर्स को देखा तो उसकी चेन आधी खुली पाई गई। अंदर झांकने पर उन्हें छोटा पर्स गायब मिला, जिसमें उनके तमाम सोने के गहने रखे हुए थे। चोरी गए आभूषणों में एक जोड़ी सोने की बृजबाला, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, दो लेडीज अंगूठियां और एक जेंट्स अंगूठी शामिल थी।
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पीड़िता ने महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और ई-रिक्शा में साथ सफर करने वाली तीनों महिलाओं पर चोरी का संदेह जताया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बस स्टैंड से लेकर गोला का मंदिर और कुशवाह मार्केट तक के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है ताकि संदिग्ध महिलाओं की पहचान की जा सके। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!