ग्वालियर शहर के गोला का मंदिर थाना इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो सगे भाइयों पर घातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात में गंभीर रूप से घायल हुए अनुज वाजपेई की मंगलवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके भाई शुभम वाजपेई की हालत गंभीर बनी हुई है।

वृंदावन जा रहे थे भाई, रास्ते में की गई घेराबंदी

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार की रात को गोला का मंदिर स्थित मांगाराम फैक्ट्री रोड पर घटी। डीडी नगर के रहने वाले शुभम वाजपेई ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई अनुज वाजपेई और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ कार से वृंदावन की यात्रा पर निकल रहे थे।

रास्ते में शराब कारोबारी योगेश शिवहारे के परिचित जीतू गुर्जर ने उन्हें देख लिया और अपने साथियों अनिल गुर्जर, भोला घुरैया, मृत्युंजय ठाकुर व अन्य लोगों को वहां बुला लिया। सभी हमलावर हथियारों से लैस होकर मांगाराम फैक्ट्री रोड पहुंचे और उन्होंने पीड़ित भाइयों की कार को चारों तरफ से घेर लिया।

लाठी-डंडों और बंदूक की बट से किया गया हमला

कार घेरने के बाद आरोपियों ने शुभम के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अनुज वाजपेई अपने भाई को बचाने के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और बंदूकों की बटों से ताबड़तोड़ प्रहार किए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए।

परिवार के लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां मंगलवार को अनुज वाजपेई ने दम तोड़ दिया। घायल शुभम ने पुलिस को बताया कि उनका शराब कारोबारी योगेश शिवहारे के साथ पहले से गाली-गलौज को लेकर विवाद चला आ रहा था।

हत्या का मामला दर्ज, दो आरोपी पुलिस हिरासत में

शुभम के अनुसार इसी पुरानी रंजिश के चलते योगेश ने कुछ दिन पहले अपनी शराब दुकान के बाहर फायरिंग भी की थी, जिसके बाद शुभम जेल गए थे। जेल से रिहा होने के बाद से ही योगेश उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

पुलिस ने शुभम वाजपेई की शिकायत पर शराब कारोबारी योगेश शिवहारे, जीतू गुर्जर, अनिल गुर्जर, भोला घुरैया और मृत्युंजय ठाकुर सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए योगेश शिवहारे और जीतू गुर्जर को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।