ग्वालियर शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित श्री सांई मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में गुरुवार की रात को जमकर हंगामा हुआ। बाथरूम इस्तेमाल करने के विवाद को लेकर कुछ लोग अस्पताल परिसर में घुस आए और जमकर उत्पात मचाया। इस घटना में अस्पताल के संचालक समेत चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बाथरूम जाने की बात से शुरू हुआ था विवाद
अस्पताल के संचालक डॉ. हिरदेश जयंत (जाटव) ने थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि घटना 8 अक्टूबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है। उनके अस्पताल में भर्ती एक मरीज का अटेंडर पास ही रहने वाले दीपक किरार के मकान के पास टॉयलेट करने चला गया था, जिस पर आरोपियों ने आपत्ति जताई।
इस बात से खफा होकर दीपक किरार, बंटी किरार, कालू किरार और अन्नू किरार अस्पताल के बाहर पहुंचे और वहां मौजूद स्टाफ को गालियां देने लगे। जब अस्पताल प्रबंधन ने इसका विरोध किया, तो मामला और ज्यादा बढ़ गया।
मुख्य गेट का कांच तोड़कर अंदर घुसे उपद्रवी
स्थिति तब और बिगड़ गई जब आरोपियों ने गुस्से में आकर अस्पताल के मुख्य द्वार का कांच तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस आए। डॉ. हिरदेश जयंत ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उनके साथ जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आए अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई।
चार कर्मचारी घायल, पुलिस कर रही तलाश
इस खूनी संघर्ष में अस्पताल के चार कर्मचारी घायल हुए हैं। सुनील कुशवाह के सिर में अंदरूनी चोट आई है, विवेक अहिरवार की कलाई और पीठ पर चोट लगी है, अभिषेक चौरसिया के सिर में कान के पीछे और करण वाल्मीकि की कमर के हिस्से में चोटें आई हैं।
घटनास्थल पर मौजूद ललित मोहन शुक्ला और सागर राजावत आदि ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामले को शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल संचालक की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!