ग्वालियर जिले के उटीला थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुरार-बेहट रोड पर बाइक सवार से बैग छीनने वाली शातिर झपट्टामार गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को दबोचा है, जिनमें दो बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं।

मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी से पकड़े गए बदमाश

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी भिंड जिले के गोहद इलाके में जाकर छिप गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से बदमाशों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद सोमवार दोपहर को गोहद में दबिश देकर इन्हें धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़ित का लूटा गया लेदर का बैग भी बरामद कर लिया है।

इस तरह दिया था वारदात को अंजाम

सौंसा गांव निवासी राजीव यादव ने उटीला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अगस्त की रात वह बाइक से मुरार से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे मुरार-बेहट रोड पर लंगड़ा बाबा मंदिर के मोड़ के पास पहुंचे, तो एक ग्रे रंग की कार ने उनकी बाइक के आगे आकर रास्ता रोक लिया। कार से उतरे तीन-चार बदमाशों ने उनके हाथ से लेदर का बैग झपट लिया और मुरार हाईवे की तरफ फरार हो गए।

एसडीओपी बेहट मनीष यादव के मार्गदर्शन और उटीला थाना प्रभारी उप निरीक्षक नरेंद्र सिसौदिया के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान बॉबी जाटव (18 वर्ष) निवासी गोहद और ओमकार (19 वर्ष) निवासी गोहद के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं जिन्हें अभिरक्षा में लिया गया है।

फरار आरोपी और कार की तलाश जारी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी कौशल गुर्जर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि फरार साथी कौशल गुर्जर और वारदात में इस्तेमाल की गई कार की तलाश के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को यह भी अंदेशा है कि इन बदमाशों से पूछताछ के बाद क्षेत्र की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।