इंदरगंज थाना क्षेत्र का मामला
ग्वालियर शहर के इंदरगंज थाना इलाके में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक युवती ने अपने ही मंगेतर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में रिश्ता तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
चार महीने पहले तय हुआ था रिश्ता
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 26 वर्षीय पीड़िता का विवाह सागरताल के रहने वाले माहिम खान के साथ लगभग चार महीने पहले दोनों परिवारों की रजामंदी से तय हुआ था। सगाई पक्की होने के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और युवक का युवती के घर आना-जाना भी होने लगा था।
युवती का आरोप है कि इसी नजदीक, भरोसे और शादी के वादे का फायदा उठाते हुए युवक ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, दोनों शहर से बाहर भी घूमने गए और कुछ मौकों पर होटलों में भी रुके।
23 जुलाई को अचानक तोड़ा रिश्ता
इस मामले मे नया मोड़ तब आया जब बीती 23 जुलाई को युवक ने अचानक से सगाई का रिश्ता तोड़ने की घोषणा कर दी। युवती का यह भी आरोप है कि मंगेतर ने उसके चरित्र पर कीचड़ उछाला, अभद्रता की और हर हाल में विवाह करने से साफ इंकार कर दिया।
पीड़िता पक्ष के लोगों ने लड़के और उसके परिवार वालों को समझाने की बहुत कोशिश की ताकि बात बन जाए, लेकिन आरोपी युवक अपने फैसले पर अड़ा रहा और शादी करने से दोटूक मना कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
आखिरकार तंग आकर युवती अपनी मां के साथ इंदरगंज थाने पहुँची और लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
इस पूरे प्रकरण पर इंदरगंज सर्किल के सीएसपी रोबिन जैन ने मीडिया को जानकारी दी कि थाने में युवती की शिकायत मिल चुकी है। प्राप्त आवेदन के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जाँच की जा रही है। जाँच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!