ग्वालियर जिले के तिघरा इलाके के अंतर्गत आने वाले कुलैथ गांव के रहने वाले 51 वर्षीय रामबाबू गौड़ की रायरू डिस्टलरी में काम के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार शाम को वे अपनी डयूटी पर तैनात थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे फर्श पर अचेत होकर गिर पड़े।

साथी कर्मचारियों ने दी परिजनों को सूचना

घटना के वक्त रामबाबू डिस्टलरी के अंदर ही मौजूद थे। उनके अचानक गिरने से वहां हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की और अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।

बेटे को फोन पर मिली पिता की बदहवासी की खबर

मृतक के बेटे चंद्रपाल गौड़ ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता के सहकर्मी धर्मेन्द्र चौहान ने उन्हें फोन करके इस अनहोनी की सूचना दी थी। खबर मिलते ही जब बेटा तुरंत डिस्टलरी पहुंचा, तो उसके पिता का शव फर्श पर पड़ा हुआ था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारी के मुताबिक, रामबाबू की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।