ग्वालियर शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र में गरबा-डांडिया कार्यक्रम के दौरान उपजा मामूली विवाद दो दिन बाद रविवार शाम को हिंसक झड़प में बदल गया। इस मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक पदाधिकारी और उसके साथियों पर रंजिश के चलते एक युवक के घर पर हमला करने का गंभीर आरोप लगा है।

गरबा कार्यक्रम के दौरान हुआ था विवाद

घटना की शुरुआत दो दिन पहले अचलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित जीवायएमसी में आयोजित गरबा-डांडिया कार्यक्रम से हुई थी। वहां आरएसएस पदाधिकारी बसंत गोडयाल और रुद्र प्रताप सिंह राजौरिया, जो कि डॉ. पीएस राजौरिया के पुत्र हैं, के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मौके पर मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन आपसी रंजिश बनी रही।

घर के बाहर खींचकर की मारपीट और फायरिंग

रविवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच माधौगंज थाना क्षेत्र के मुर्गी फार्म के पास उस समय सनसनी फैल गई जब बसंत गोडयाल अपने साथियों के साथ रुद्र प्रताप सिंह राजौरिया के घर जा पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने रुद्र प्रताप को घर से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें एक गोली रुद्र प्रताप के बाएं हाथ को चीरती हुई आर-पार निकल गई।

घटना के तुरंत बाद परिजन लहूलुहान हालत में रुद्र प्रताप को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक के बयान दर्ज किए।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

माधौगंज सर्किल की सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और उसी पुरानी रंजिश के कारण एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग की है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।