ग्वालियर जिले में आगामी त्योहारों को देखते हुए अपराधों पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को भारी पुलिस बल के साथ बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त का आयोजन किया। इस विशेष अभियान के तहत जिलेभर में पुलिस ने सघन चेकिंग और दबिश की कार्रवाई की।

पुरानी छावनी इलाके में पुलिस से अभद्रता और झूमाझटकी

अभियान के दौरान पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुलायम कॉलोनी में पुलिस को एक शातिर स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पांच अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे वारंटी और उसकी पत्नी ने पुलिस बल को देखकर न केवल दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और झूमाझटकी भी की।

थाना प्रभारी डॉ. संतोष सिंह यादव ने जानकारी दी कि आरोपी टिंकू उर्फ जयकरन सिंह सिकरवार (38) के खिलाफ अदालत से पांच स्थायी वारंट जारी थे। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने घर पहुँची तो उसकी पत्नी पूनम सिकरवार ने दरवाजा बंद करने की कोशिश की और आरोपी ने भी पुलिस से अभद्रता की। महिला ने पुलिस के साथ झूमाझटकी कर शासकीय कार्य में बाधा डाली, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

जिलेभर में चला कॉम्बिंग गश्त अभियान, 190 वारंटी पकड़े गए

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शहर से लेकर देहात तक ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस पूरी रात चली गश्त में कुल 190 वारंटियों को धर दबोचा गया, जिनमें 110 स्थायी वारंटी और 80 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से 134 गुंडों और 136 हिस्ट्रीशीटरों सहित कुल 270 पुराने अपराधियों के घर-घर पहुंचकर उनकी उपस्थिति जाँची और रिकॉर्ड अपडेट किए। पुलिस ने इस दौरान होटलों, लॉज, धर्मशालाओं, ढाबों, एटीएम बूथों के साथ संदिग्ध दोपहिया वाहन चालकों की भी गहन तलाशी ली।

अवैध गतिविधियों पर भी पुलिस की सख्त कार्रवाई

सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ भी शिकंजा कसा। गश्त के दौरान महाराजपुरा, भितरवार और बेलगढ़ा थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के मामलों में पुलिस ने प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए जब्ती की और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।