ग्वालियर शहर के सिरोल थाना क्षेत्र में स्थित पॉश टाउनशिप 'विंडसर हिल्स' में सोमवार शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गार्डन में पेड़ की कटाई और छटाई का काम चल रहा था, इसी दौरान एक भारी-भरकम डाल पास की दीवार पर आ गिरी। डाल के वजन से दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला मलबे के नीचे दब गईं।

शाम के वक्त हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से वृद्धा को तुरंत मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उनकी जांच की और मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

15 साल से कर रही थीं माली का काम

मौके पर पहुंचे सीएसपी विश्वविद्यालय रवि भदौरिया ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान 70 वर्षीय सावित्री देवी वंशकार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्वालियर के सिरोल स्थित जाटव मोहल्ले की रहने वाली थीं। सावित्री देवी पिछले 15 वर्षों से विंडसर हिल्स टाउनशिप में माली के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। वह रोजाना शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच वहां काम करने आती थीं।

सोमवार को भी वह शाम करीब 6:45 बजे टाउनशिप के परिसर में काम कर रही थीं। उसी समय कुछ दूरी पर पेड़ की छटाई का काम चल रहा था, जिसकी भारी डाल अचानक दीवार पर जा गिरी। तेज धमाके के साथ दीवार टूट गई और सावित्री देवी उसके मलबे के नीचे दब गईं।

सुरक्षा उपायों को लेकर लापरवाही की आशंका

प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि पेड़ की डाल प्राकृतिक रूप से नहीं टूटी थी, बल्कि टाउनशिप प्रबंधन या मेंटेनेंस टीम द्वारा उसकी कटाई कराई जा रही थी। आरोप है कि कटाई के वक्त सुरक्षा के पर्याप्त मानक नहीं अपनाए गए और न ही नीचे काम कर रही महिला को वहां से हटाया गया, जिससे यह दुर्घटना घटित हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतका के दोनों बेटे दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। हादसे की सूचना पाकर वे ग्वालियर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके यहां पहुंचने के बाद ही मंगलवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

"पेड़ की डाल गिरने से दीवार ढहने और मलबे में दबकर महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। शव को डेड हाउस में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पेड़ की छटाई के दौरान हुई लापरवाही के बिंदुओं पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।" - गोविंद बागोली, थाना प्रभारी, सिरोल