ग्वालियर शहर के जहांगीर कटरा इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां क्षमता से अधिक रेत भरकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मारते हुए खुले पड़े सीवर चैंबर के गड्ढे में जा धंसी।

चढ़ाई के दौरान बेकाबू हुआ वाहन

भितरवार निवासी रवि परिहार अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारी मात्रा में रेत भरकर ले जा रहा था। शनिवार शाम जब वह उपनगर ग्वालियर के किलागेट से आगे जहांगीर कटरा के पास पहुंचा, तो वहां बनी सड़क की चढ़ाई पर उसका वाहन से संतुलन बिगड़ गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक रवि को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, इस दौरान ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य युवक बाल-बाल बच गया, जबकि हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

दुर्घटना के तुरंत बाद रवि के साथी ने उसे गंभीर हालत में हजीरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक रेत भरी हुई थी, जिसके कारण चढ़ाई पर वाहन संभालना मुश्किल हो गया था। ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर लिया गया है और शव का परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अब इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।