ग्वालियर में पिछले चार दिनों के भीतर दो छोटे बच्चों सहित कुल पांच लोगों के लापता होने की घटनाओं ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। इन मामलों में सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति पुरानी छावनी थाना क्षेत्र की है, जहां एक महिला अपने दो मासूम बेटों के साथ अचानक घर से गायब हो गई।
दो बच्चों के साथ मां लापता
पुरानी छावनी थाना इलाके के पठान मोहल्ला नाले के पास रहने वाले अनवर खान ने पुलिस को बताया कि उनकी 37 वर्षीय पत्नी शबनम बेगम 11 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे अपने 8 वर्षीय बेटे अलफेज कुरैशी और 6 वर्षीय बेटे आमिर कुरैशी के साथ घर से निकली थीं और तब से लौटी नहीं हैं। परिजनों के अनुसार, शबनम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस को आशंका है कि किसी अनजान व्यक्ति ने उन्हें बहला-फुसलाकर कहीं ले गया हो।
रात में घर से गायब हुई नाबालिग
इसी बीच, महाराजपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ जमार से एक किसान ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता के मुताबिक, 11 जुलाई की रात करीब 3 बजे उनकी बेटी बिस्तर से गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने इस मामले में अपहरण की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर जाने की कहकर निकला युवक भी लापता
वहीं, जनकगंज थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी से 25 वर्षीय युवक अर्जुन प्रजापति के लापता होने की भी खबर है। ओमप्रकाश प्रजापति ने बताया कि उनका बेटा 13 जुलाई की रात शीतला माता मंदिर जाने की कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने हर जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक का हुलिया जारी करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इन गुमशुदगी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली हैं और लापता लोगों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!