कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ खोला मोर्चा

ग्वालियर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त आह्वान पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पहले जिला न्यायालय के पास इकट्ठा हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़े।

कलेक्ट्रेट मार्ग पर गिराए गए सुरक्षा बैरिकेड्स

प्रशासन ने प्रदर्शन की संभावना को भांपते हुए कलेक्ट्रेट के रास्तों पर पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया था और बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े और उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग गिरा दी। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में घुसने का प्रयास किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

विधायक सतीश सिकरवार ने लगाए गंभीर आरोप

मुख्य निर्वाचन आयुक्त से निष्पक्ष चुनाव कराने की उम्मीद की जाती है, लेकिन ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। पिछले एक-दो साल से आयोग सत्ताधारी दल के इशारे पर वोट चोरी और वोटों में हेराफेरी में लगा है। निष्पक्ष न्याय की कोई गुंजाइश नहीं बची है।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रदेशव्यापी आंदोलन है और जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।

बिना ज्ञापन सौंपे समाप्त हुआ प्रदर्शन

हंगामे और प्रदर्शन के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रशासन को कोई लिखित ज्ञापन नहीं दिया। इस बारे में जानकारी देते हुए एसडीएम सीबी प्रसाद ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने केवल धरना-प्रदर्शन किया और कोई ज्ञापन प्राप्त नहीं हुआ है। प्रशासन के अनुसार पुलिस ने किसी प्रकार का बल प्रयोग नहीं किया और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।