ग्वालियर शहर में पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला झांसी रोड थाना क्षेत्र का है, जहां दूध के पुराने हिसाब को लेकर हुए विवाद के चलते कार सवार चार बदमाशों ने एक बाइक सवार पर फायरिंग कर दी।

नौगांव से लौटते समय हुआ विवाद

घाटीगांव थाना क्षेत्र के महारामपुरा निवासी 41 वर्षीय भारत सिंह गुर्जर वर्तमान में चिरवाई नाका क्षेत्र के महादजी नगर में किराए के मकान में रहते हैं। गत 25 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने ममेरे भाई वीरपाल गुर्जर के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर नौगांव से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान उनके मोबाइल पर मुरैना के सम्भर का पुरा निवासी सोनू गुर्जर का फोन आया। फोन पर पुराने दूध के हिसाब-किताब को लेकर बातचीत करने की बात कही गई, जिस पर भारत ने चिरवाई नाका पर मिलने की बात कहकर फोन काट दिया।

कार से ओवरटेक कर चलाई गोलियां

जब पीड़ित पिपरौली रोड की तरफ से आ रहे थे, तभी दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास उन्होंने आगे चल रही एक सफेद रंग की बिना नंबर की कार को ओवरटेक किया। आरोप है कि इसके तुरंत बाद कार में सवार लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बाइक रोकने का दबाव बनाते हुए पीछे से फायरिंग कर दी।

अचानक हुई इस फायरिंग से दोनों भाई सहम गए, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक की रफ्तार बढ़ाई और किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने बताया कि हमले के दौरान कार में हरिमोहन, सोनू गुर्जर, सतेन्द्र और वीरु सवार थे, जो हाथों में हथियार लेकर लगातार गोलियां चला रहे थे।

धमकी मिलने के बाद थाने पहुंचा पीड़ित

घटनास्थल से जान बचाकर फ्लैट पर पहुंचने के बाद भी आरोपियों की हरकतें बंद नहीं हुईं। आरोपी सोनू ने पीड़ित को कई बार फोन कर गालियां दीं और दूध के हिसाब को लेकर आगे बात करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया।

घटना से भयभीत होकर पीड़ित भारत सिंह ने अगले दिन थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है और उनकी तलाश तेजी से की जा रही है।