मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ एक ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस में काम करने वाली 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पार्ट-टाइम काम करती थी पीड़िता
गोला का मंदिर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे पटरी रोड स्थित एक वेयरहाउस में अंजाम दी गई। बीए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत यह छात्रा अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए इस वेयरहाउस में पार्ट-टाइम नौकरी करती थी।
घटना वाले दिन जब छुट्टी का समय हुआ, तब वेयरहाउस के संचालकों ने छात्रा को 'काम अधिक है' यह कहकर रोक लिया। अन्य सभी कर्मचारियों के वहां से चले जाने के बाद वेयरहाउस के भीतर केवल छात्रा और दोनों संचालक ही मौजूद रह गए थे।
चैनल गेट बंद कर दिया और दी धमकी
कर्मचारियों के जाने के बाद आरोपी आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा ने वेयरहाउस का चैनल गेट अंदर से बंद कर दिया। जब छात्रा ने इस हरकत का विरोध जताया, तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और वारदात को अंजाम दिया।
दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने पीड़िता को चेतावनी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी कुछ बताया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस गहरी धमकी और खौफ के कारण छात्रा काफी समय तक सहमी रही और किसी को कुछ नहीं बता पाई।
परिजनों को हालात देखकर हुआ शक
दिन बीतने के साथ छात्रा के व्यवहार में आए बदलाव और उसकी मानसिक स्थिति को देखकर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने उससे नरमी से पूछताछ की, तो उसने आपबीती अपने परिजनों को सुनाई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद सोमवार को छात्रा अपने स्वजन के साथ गोला का मंदिर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की लिखित शिकायत दी।
मह 15 दिन पहले ही शुरू हुआ था वेयरहाउस
थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा पार्टनरशिप में इस वेयरहाउस का संचालन करते हैं। यह वेयरहाउस मह 15 दिन पहले ही शुरू किया गया था, जहाँ ई-कॉमर्स कंपनियों के उत्पादों की पैकेजिंग का कार्य होता था।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। इसके बाद मुख्य आरोपियों आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!