ग्वालियर जिले में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले चौबीस घंटों के दौरान ऑनलाइन ठगी के पांच नए मामले सामने आए हैं। जालसाजों ने अलग-अलग हथकंडे अपनाते हुए शहरवासियों के बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा लिए हैं।

लोन सेटलमेंट और क्रेडिट कार्ड का झांसा

माधौगंज थाना क्षेत्र के सिकंदर कंपू निवासी महेंद्र शर्मा के पास चोला मंडलम बैंक के नाम से एक कॉल आया। कॉलर ने लोन बंद कराने पर 11 हजार रुपये की छूट देने का लालच दिया और महेंद्र से 56,510 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसी तरह, बिजौली थाना क्षेत्र के खेरिया मोदी निवासी किसान बालकृष्ण कुशवाह को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया गया। व्हाट्सऐप पर भेजी गई एक फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 49,712 रुपये कट गए।

बिना ओटीपी के उड़ाए रुपये और हैक किया मोबाइल

ग्वालियर थाना अंतर्गत सेवानगर निवासी आशीष पाठक जब अपने बच्चे की स्कूल फीस जमा करने गए, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उनके यूनियन बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक के खातों से बिना किसी ओटीपी या मैसेज के कुल 1,71,000 रुपये निकाल लिए गए। वहीं, थाटीपुर के श्रीराम नगर निवासी संतोष शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक एप डाउनलोड किया था, जिसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और ठगों ने उनके दो अलग-अलग बैंकों से 1,25,000 रुपये साफ कर दिए।

फैक्ट्री संचालक के खाते से भी निकले पैसे

सिरोल थाना क्षेत्र के एंजिल हाइट्स में रहने वाले सुनील सिंह भदौरिया बानमौर और मालनपुर की फैक्ट्रियों में सरसों की ढूरी सप्लाई करते हैं। सोमवार शाम को उनके खाते से कई बार में कुल 1,10,000 रुपये निकाले जाने के संदेश मिले। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

इन तमाम मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।