ग्वालियर के थाटीपुर थाना अंतर्गत आने वाले दुल्लपुर इलाके में हुई फायरिंग और पथराव की घटना के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी उदय गुर्जर को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा विवाद 7 अक्टूबर को आग जलाने की बात को लेकर उपजा था जो बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गया था।

कार के पास आग तापने को लेकर हुआ था खूनी विवाद

स्थानीय क्षेत्र में रघुवीर गुर्जर और रामवीर गुर्जर के परिवार आमने-सामने रहते हैं। बीती 7 अक्टूबर को घरों के पास खड़ी एक कार के नजदीक आग जलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर के लोग आमने-सामने आ गए और छतों पर चढ़कर जमकर पत्थरबाजी की गई। इस दौरान इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग भी की गई, जिससे घरों के बाहर खड़े वाहनों के कांच टूट गए।

चार महीने पुरानी रंजिश और समझौते का दबाव

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन दोनों परिवारों के बीच करीब चार महीने पहले भी एक बार खूनी संघर्ष हो चुका है। उस पुरानी घटना के संबंध में एक पक्ष की शिकायत पर 11 लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। बाद में जांच के दौरान इस पुराने मामले में आरोपी उदय गुर्जर का नाम भी जोड़ा गया था।

सामने आया है कि पुराने मामले में आपसी राजीनामा करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिसके चलते दोनों पक्षों की रंजिश और गहरी होती चली गई। इसी पुरानी खुन्नस के चलते 7 अक्टूबर को एक बार फिर विवाद की स्थिति बनी और बात खूनी झड़प तक जा पहुंची।

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल थाटीपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी उदय गुर्जर से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम इस मामले में संलिप्त अन्य फरार साथियों की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।