ग्वालियर शहर में सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं, जहां एक ओर मुरार स्थित कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची 22 वर्षीय छात्रा लापता हो गई है, वहीं दूसरी तरफ झांसी रोड इलाके के एक मदरसे से 13 साल का बालक भी गायब हो गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने अपहरण की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिए हैं।

कॉलेज के बाहर से गायब हुई छात्रा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय (मुरार) में परीक्षा के सिलसिले में आई 22 वर्षीय छात्रा 14 अक्टूबर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। बेहट की रहने वाली यह छात्रा अपने 16 वर्षीय छोटे भाई के साथ परीक्षा दिलाने कॉलेज आई थी। भाई उसे छोड़कर वापस चला गया था।

जब परीक्षा समाप्ति के बाद काफी देर तक छात्रा कॉलेज से बाहर नहीं निकली, तो उसका भाई शाम को अकेले ही घर लौट गया। परिजनों ने जब उससे पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से मदद की गुहार लगाई गई।

मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रहा छात्र भी लापता

एक अन्य घटना में, झांसी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत एजी ऑफिस के पास स्थित मदरसा दारूल कुरान से 13 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। सागरताल के मेवाती मोहल्ले का मूल निवासी यह परिवार फिलहाल भिंड रोड स्थित लक्ष्मणगढ़ में रह रहा है।

बालक के पिता ने उसे तालीम हासिल करने के लिए उक्त मदरसे में रखा था। 14 अक्टूबर की रात तक वह मदरसे में ही मौजूद था, लेकिन 15 अक्टूबर की सुबह वह अपनी जगह पर नहीं मिला। मदरसे के मौलवी द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजन वहां पहुंचे और पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मुरार और झांसी रोड थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता हुए छात्र और छात्रा का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उनकी गतिविधियों और रूट का सुराग मिल सके।