ग्वालियर शहर में अपराधियों के बीच वर्चस्व की जंग और पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी रूप ले चुकी है। मंगलवार देर रात लगभग बारह बजे बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए हिस्ट्रीशीटर छोटू राजावत को गोलियों से भून डाला।

मेला रोड पर एलएनआईपीई के सामने दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छोटू राजावत अपने साथियों टिल्लू, हेमसिंह, नीतेश और गोलू के साथ सिरोल की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहा था। जब वे मेला रोड पर स्थित एलएनआईपीई इंस्टीट्यूट के पास पहुंचे, तो रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों में शामिल दीनू और हेमू ने बाइक चला रहे छोटू का कॉलर पकड़ा और उसे जबरन नीचे खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर और सीने में बेहद नजदीक से गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल छोटू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।

भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़ा है मौत का यह कनेक्शन

प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि छोटू राजावत हाल ही में चर्चित भोला सिकरवार हत्याकांड के मामले में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। छोटू पर करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज थे। इस पूरी हत्या को पुलिस पुराने हत्याकांड की रंजिश से जोड़कर देख रही है।

करीब एक साल पहले हुए भोला सिकरवार हत्याकांड में यह आरोप था कि छोटू ने ही बंटी भदौरिया को भोला की सटीक लोकेशन बताई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, भोला के भाई दीनू ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर बंटी भदौरिया को चुनौती दी थी, जिसके बाद बंटी वहां आया था और दीनू न मिलने पर उसके भाई भोला की हत्या कर दी गई थी।

पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

वारदात की सूचना पाकर सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार, पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव और अन्य पुलिस अधिकारी तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के साथी के बयान दर्ज करने के आधार पर पुलिस ने हेमू सिकरवार, दीनू सिकरवार, रानू, राजवीर और अजीत के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।