कुलसचिव को हटाने की मांग पर अड़े छात्र
ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में इन दिनों प्रशासनिक अमले के खिलाफ छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ता कुलसचिव राजीव मिश्रा को पद से हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक कुलसचिव को उनके पद से रिलीव नहीं किया जाता, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप
धरना प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे एनएसयूआई के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल भदौरिया ने आरोप लगाया कि पूरी रात धरना देने के बावजूद विश्वविद्यालय के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने आकर उनसे बात तक नहीं की। उन्होंने मांग उठाई कि राजीव मिश्रा को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए और उन्हें उनके नए तैनाती स्थल गुना स्थित तात्या टोपे विश्वविद्यालय भेजा जाए।
डिग्री और घोटाले को लेकर गंभीर सवाल
आंदोलन के दौरान छात्र नेताओं ने कुलसचिव राजीव मिश्रा की पीएचडी डिग्री की वैधता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। इसके साथ ही उन पर बीएससी नर्सिंग घोटाले में संलिप्त होने के भी आरोप लगाए गए। भदौरिया ने स्पष्ट किया कि मिश्रा का तबादला पिछले दो महीनों पहले ही गुना के लिए हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वे अब तक जीवाजी विश्वविद्यालय में जमे हुए हैं।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक आक्रामक किया जाएगा। हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल विश्वविद्यालय प्रबंधन की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!