सिरोल थाना क्षेत्र के हुरावली में रहने वाले एक बीएसएफ जवान के घर में चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जवान अपने बड़े भाई की तेरहवीं में शामिल होने परिवार सहित गांव गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और कीमती सामान पार कर लिया।

पड़ोसियों की सूचना पर खुला राज

जानकारी के अनुसार, पीड़ित नरेन्द्र सिंह (55) बीएसएफ में पदस्थ हैं और मूल रूप से डबरा के मेहगांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे हुरावली में परिवार के साथ रहते हैं। 2 जुलाई को उनके बड़े भाई प्रहलाद सिंह का निधन हो गया था। तेरहवीं के कार्यक्रम के लिए नरेन्द्र सिंह पहले ही अपने गांव चले गए थे। वहीं, 13 जुलाई की शाम को उनके बेटे पंकज ने घर में ताला लगाकर गांव के लिए प्रस्थान किया था।

15 जुलाई को पड़ोसियों ने नरेन्द्र सिंह को फोन कर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही नरेन्द्र सिंह तुरंत घर पहुंचे, जहां उन्हें चोरी की घटना का पता चला।

पीड़ित के मुताबिक, चोर घर से करीब 1.80 लाख रुपये नकद, डेढ़ तोला सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने का फूल, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया और एक जोड़ी चांदी की पायल चुरा ले गए हैं। इस घटना से परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी गोविंद बंगोली ने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।