ग्वालियर शहर के थाटीपुर इलाके में रविवार को एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सिगरेट और डस्टबिन को लेकर उपजे मामूली झगड़े के बाद एक दबंग युवक ने दुकानदार के परिवार को निशाना बनाया। आरोपी ने न केवल दुकान पर पेट्रोल छिड़कने की कोशिश की, बल्कि बाद में घर की बालकनी से जलती हुई पेट्रोल की बोतल नीचे फेंक दी, जिससे आग भड़क गई।

सिगरेट नहीं मिलने पर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मेला रोड स्थित 155 पीएनटी कॉलोनी में योगेंद्र सिंह राठौर (55) 'समृद्धि स्टोर' नाम से दुकान चलाते हैं। न्यू नेहरू कॉलोनी में रहने वाला सोमेश उर्फ कोमेश विमल रविवार को उनकी दुकान पर सिगरेट खरीदने आया था। जब योगेंद्र ने सिगरेट उपलब्ध न होने की बात कही, तो आरोपी बाहर रखे डस्टबिन को लेकर बहस करने लगा।

विवाद बढ़ने पर जब दुकानदार ने उसे गाली-गलौज करने से रोका, तो बात और बिगड़ गई। शोरगुल सुनकर योगेंद्र की बेटी वैष्णवी और बेटा मनु भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी ने एक बोतल में भरकर पेट्रोल दुकान के अंदर उड़ेल दिया और माचिस से आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, दुकानदार और उसके बच्चों ने तत्परता दिखाते हुए उससे माचिस छीन ली और धक्का-मुक्की के बाद आरोपी वहां से चला गया।

बालकनी से फेंकी गई आग लगी बोतल

यह मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद सोमेश दोबारा पेट्रोल से भरी बोतल लेकर अपने घर की बालकनी में जा पहुंचा। उसने बोतल के मुंह पर कपड़े की बाती लगाई, उसमें आग भड़काई और नीचे योगेंद्र की दुकान की तरफ उछाल दी। जैसे ही बोतल नीचे आकर फटी, दुकान में भयंकर आग लग गई।

इस अचानक हुए हमले के दौरान बेटा मनु दुकान के अंदर ही फंस गया था। भाई को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वैष्णवी और पिता योगेंद्र तुरंत आगे आए। आग की चपेट में आने से पिता और दोनों भाई-बहन बुरी तरह झुलस गए।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी

घटनास्थल पर अफरा-तफरी मचते ही आसपास के स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाया और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

थाटीपुर थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित योगेंद्र सिंह राठौर की औपचारिक शिकायत के आधार पर आरोपी सोमेश विमल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।