ग्वालियर शहर के व्यस्त और पॉश इलाके में मंगलवार शाम कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ जनकगंज थाना क्षेत्र के नई सड़क पर यादव टॉकीज के पास स्थित कान्हा पेंशन स्टूडियो कपड़ा शोरूम के बाहर पैसों के पुराने विवाद को लेकर एक कर्मचारी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए गए।
लेन-देन के विवाद में मारपीट और चाकूबाजी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदर कम्पू निवासी 32 वर्षीय मनीष लालबानी पिछले पांच साल से इस कपड़ा शोरूम में नौकरी कर रहा है। मंगलवार की शाम करीब 6:00 से 6:15 बजे के बीच लक्कड़खाना माधौगंज निवासी विनय उर्फ भोला पंजाबी शोरूम पर पहुंचा और मनीष के बारे में पूछताछ करने लगा।
वहाँ मौजूद दूसरे कर्मचारी नवीन आहूजा ने मनीष को आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही मनीष शोरूम के बाहर आया, दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत शुरू हुई जो जल्द ही तीखी बहस में बदल गई। आरोप है कि विनय ने पहले मनीष को थप्पड़ जड़े और विरोध करने पर अपनी कमर से चाकू निकालकर उसकी जांघ पर कई गंभीर वार किए।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, वाहन छोड़कर भागा आरोपी
इस अचानक हुए खूनी हमले से आसपास के दुकानदारों और अन्य कर्मचारियों में भारी अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ रिकॉर्ड हो गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विनय अपनी एक्टिवा (MP07 SN 1004) मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद लहूलुहान हालत में गिरे मनीष को तुरंत उसके साथी कर्मचारी अस्पताल लेकर पहुँचे जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस कार्रवाई और तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी की छोड़ी गई एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी विनय उर्फ भोला पंजाबी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!