ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वंशीपुरा इलाके में पुरानी रंजिश और मोबाइल चोरी के शक को लेकर दबंगों ने खुलेआम आतंक मचाया। घर के बाहर खड़े एक 17 वर्षीय किशोर पर आरोपियों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ तीन से चार राउंड फायर कर दिए। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मां और चाची के सामने की फायरिंग

वंशीपुरा निवासी 17 वर्षीय अनुराग किरार ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े परिवार से ताल्लुक रखता है। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, अनुराग रविवार देर शाम अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी उसका पुराना परिचित नज्जू खान अपने साथी रवि श्रीवास उर्फ गौरा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचा। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर नज्जू खान ने पिस्टल निकालकर अनुराग पर सीधे गोलियां दाग दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर अनुराग की मां रानी और चाची मीनू बाहर आईं, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

मासूम को लगा छर्रा और पुलिस की कार्रवाई

इस फायरिंग के दौरान अनुराग के पास वाले घर में रहने वाली आठ साल की एक मासूम बच्ची बाहर झूला झूल रही थी, जिसके पैर में एक छर्रा जा लगा। हालांकि, बच्ची के परिजन इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहते थे। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों नजरुद्दीन उर्फ नज्जू और रवि सेन को हथियार समेत धर दबोचा।

पारिवारिक विवाद और महाराजपुरा की दूसरी घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी नज्जू की पत्नी के गायब होने के मामले में अनुराग के बड़े भाई मनीष पर शक जताया जा रहा था, जिसके चलते यह विवाद उपजा था। वहीं दूसरी ओर, ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के लखमीपुर इलाके में भी एक अन्य पुरानी रंजिश को सुलझाने बैठी पंचायत के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। डंगस चौराहा स्थित माता मंदिर पर बुलाई गई इस पंचायत में हरिओम गुर्जर, राधेश्याम, कमलेश उर्फ करन और मनीष गुर्जर ने कट्टों और पििस्टलों से 7-8 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।