ग्वालियर अंचल के डबरा इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। मृतका पांच माह की गर्भवती थी और उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत और हुआ था रक्तस्राव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिंहपुर की रहने वाली 28 वर्षीय मीनू सेन की गत 9 सितंबर को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। शाम करीब साढ़े छह बजे उसके पेट में तेज दर्द उठा और ब्लीडिंग होने लगी।
परिजनों द्वारा उसे तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से डबरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रैफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
एसडीओपी की जांच में सामने आए प्रताड़ना के तथ्य
इस पूरे मामले की जांच डबरा एसडीओपी द्वारा की गई। जांच के दौरान मृतका की मां जशोदा सेन, भाई लखन सेन, बहन रेखा सेन, जीजा विवेक सेन और मौसा कन्हैयालाल सेन के विस्तृत बयान दर्ज किए गए।
बयानों और पड़ताल में सामने आया कि मृतका का पति सोनू सेन, सास लीला सेन और जेठानी पूनम सेन उस पर मायके से 50 हजार नकद और एक मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से यातनाएं दी जाती थीं।
पति, सास और जेठानी के खिलाफ संगीन धाराओं में FIR
एसडीओपी की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद डबरा देहात थाना पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने आरोपी पति सोनू सेन, सास लीला सेन और जेठानी पूनम सेन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के अलावा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!