पुरानी रेशम मिल चौराहे पर हुआ खौफनाक विवाद

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के हजीरा थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुरानी रेशम मिल चौराहे पर रविवार शाम मोमोज की मात्रा को लेकर उपजे मामूली विवाद में एक ठेला चालक ने हदें पार कर दीं और 18 वर्षीय छात्र पर कढ़ाई का खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया।

गर्म तेल सीधे चेहरे और कान पर पड़ने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद उसे लहूलुहान और झुलसी हुई हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संचालक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

जिम जाते समय दोस्तों के साथ रुका था पीड़ित छात्र

न्यू रेशम मिल स्थित प्रगति नगर में रहने वाला 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया पढ़ाई करता है। रविवार की शाम वह अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए घर से बाहर निकला था। रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित 'अंकित मोमोज' के ठेले पर खाने के लिए रुके।

शिवा ने वहां 20 रुपए के मोमोज खरीदे, लेकिन प्लेट में मोमोज की संख्या कम देखकर उसने ठेला संचालक अंकित से इस बारे में सवाल किया कि उसने इतने कम मोमोज क्यों दिए हैं। कम मात्रा पर आपत्ति जताना ही छात्र के लिए भारी पड़ गया।

गाली-गलौज के बाद खौलता तेल फेंका

मोमोज कम होने की बात पूछने पर आरोपी अंकित आगबबूला हो गया और शिवा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब छात्र ने अभद्रता का विरोध किया तो बात और बढ़ गई और आरोपी ने उसके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की।

गुस्से में आकर आरोपी अंकित ने हद पार करते हुए कढ़ाई में खौल रहा तेल उठाया और सीधे छात्र के ऊपर फेंक दिया। वहां मौजूद उसके दोस्तों और परिजनों ने तुरंत बीच-बचाव कर उसे संभाला और अस्पताल लेकर गए।

हजीरा थाने में केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर ठेला संचालक अंकित के खिलाफ कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी ठेला संचालक अपनी जगह से फरार है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।