ग्वालियर के व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके दाल बाजार में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां एक तेल कारोबारी के प्रतिष्ठान में बीती रात चोर ने सेंधमारी कर लोहे की तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया, हालांकि वह नकदी या सामान चुराने में कामयाब नहीं हो सका।
हथौड़े से क्षतिग्रस्त की तिजोरी
हरिशंकर पुरम निवासी ६३ वर्षीय वीरेंद्र आनंद की दाल बाजार में 'वीरेंद्र ट्रेडर्स' के नाम से एडिबल ऑयल की फर्म है। उन्होंने ५ सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे अपनी दुकान बंद की थी और घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे करीब साढ़े दस बजे दुकान पर पहुंचे तो मुख्य गेट का लकड़ी का फट्टा नीचे से उखड़ा हुआ मिला।
दुकान के भीतर जाने पर उन्हें लोहे की तिजोरी क्षतिग्रस्त हालत में मिली और पास ही एक हथौड़ा भी पड़ा हुआ था। गनीमत यह रही कि बदमाश तिजोरी का ऊपरी हिस्सा ही तोड़ पाया और अंदर का मजबूत लॉकर सुरक्षित बचा रहा, जिससे बड़ी चोरी टल गई।
महज आठ दिन पहले भी हुई थी चोरी
कारोबारी वीरेंद्र आनंद ने पुलिस को बताया कि उनकी दुकान में हाल के दिनों में यह दूसरी घटना है। महज आठ दिन पहले भी अज्ञात चोरों ने इसी दुकान के ताले चटकाकर नगदी पर हाथ साफ किया था। हैरानी की बात यह है कि पुरानी घटना का अब तक खुलासा नहीं हुआ है और दोबारा वारदात हो गई।
लगातार हो रही इन चोरियों से परेशान होकर अब व्यापारी ने अपनी दुकान के लकड़ी के गेट को हटाकर मजबूत लोहे का गेट लगवाने का फैसला किया है। इस दूसरी घटना के सामने आने के बाद स्थानीय कारोबारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के रास्तों तथा दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी विनोद विनायक करकरे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह दुकान के अंदर घुसकर चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। तिजोरी का लॉक मजबूत होने के कारण चोर सफल नहीं हो सका। पुलिस फरियादी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फुटेज के जरिए संदिग्ध की पहचान में जुटी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!