ग्वालियर शहर के व्यस्त दौलतगंज इलाके में ठगी का एक नया मामला सामने आया है। सुबह के वक्त सैर पर निकले एक बुजुर्ग एल्यूमिनियम कारोबारी को बाइक सवारों ने शातिर तरीके से अपने जाल में फंसा लिया और उनसे सोने की अंगूठी ठग कर फरार हो गए।

सक्सेना मार्केट का पता पूछने के बहाने रोका

दौलतगंज निवासी 76 वर्षीय प्रहलाद चंद गर्ग, जिनकी 'मां काली एल्यूमिनियम' के नाम से दुकान है, रोज की तरह सुबह करीब 7 बजे अपनी एक्टिवा से महाराज बाड़े की तरफ घूमने जा रहे थे। जब वे दौलतगंज सूर्यनारायण मंदिर के पास पहुंचे, तो पल्सर बाइक पर सवार एक युवक ने उन्हें रोककर सक्सेना मार्केट का रास्ता पूछा। कारोबारी रास्ता बता ही रहे थे कि तभी वहां उसका दूसरा साथी भी आ गया और बैग से लिफाफे निकालकर नंबर गेम का खेल दिखाने लगा।

नंबर गेम और दोगुने मुनाफे का लालच

ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से बुजुर्ग को फंसाया। पल्सर सवार युवक ने दावा किया कि लिफाफे से जो भी नंबर निकलेगा, उसका दोगुना पैसा मिलेगा। पहले साथी ने 20-20 रुपए लगाकर पैसे जीते और फिर अपनी सोने की चेन दांव पर लगाकर बुजुर्ग का विश्वास जीत लिया। इस ड्रामे को देखकर बुजुर्ग प्रहलाद चंद भी लालच में आ गए।

सुबह का समय होने के कारण जब कारोबारी के पास कैश नहीं था, तो उन्होंने अपनी 80 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी दांव पर लगा दी। जैसे ही लिफाफा खोला गया, उसमें 150 नंबर निकला और ठगों ने कहा कि इस पर कुछ नहीं मिलेगा। इसके बाद वे अंगूठी लेकर मौके से तेजी से भाग निकले।

घटना के बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज

घटना के बाद बुजुर्ग व्यापारी को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। वे तुरंत घर पहुंचे और अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार के साथ वे कोतवाली थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

इस मामले में एएसपी जयराज कुबेन ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं। फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार नजर आ रहे हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।