झांकी दिखाने के बहाने पहाड़ी पर ले गया था पड़ोसी

ग्वालियर जिले के करहिया थाना अंतर्गत आने वाले रिठौदन गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल के किशोर को उसका ही पड़ोसी विक्की गौड़ झांकी दिखाने के बहाने घर से बाहर ले गया था। परिजनों के अनुसार आरोपी किशोर को बहला-फुसलाकर गांव के पास स्थित गोलेश्वर पहाड़ी पर ले गया।

चाकू से किए गए नौ वार, मरा समझकर छोड़ा

पहाड़ी पर पहुंचने के बाद आरोपी विक्की गौड़ ने अंधविश्वास के चलते बच्चे की बलि देने की बात कही। इसके बाद उसने किशोर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। बच्चे के गले, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से नौ वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अहोश हो गया। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

यह खौफनाक घटना 18 अक्टूबर की बताई जा रही है। देर रात जब किशोर को होश आया, तो वह किसी तरह अपने घर पहुंचा। खून से लथपथ हालत में उसे देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया और स्थानीय थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार

घायल बच्चे ने परिजनों को बताया कि पहाड़ी पर ले जाकर आरोपी ने उसे बलि देने की बात कही थी। साथ ही धमकी दी थी कि इस घटना के बाद वह उसके भाई और रामबरन को भी खत्म कर देगा। उचित कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अपनी बात रखी।

इस मामले पर देहात के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने जानकारी दी है कि रिठौदन गांव के नाबालिग पर हमले की शिकायत पर आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बलि देने के कथित एंगल और हमले के असली कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।